जैसलमेर में पट्टियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। हादसे में केबिन के ऊपर सो रहे दो लोग पट्टियों के नीचे दब गए। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। SHO सुमेरदाना ने बताया- हादसा सोमवार सुबह 6 बजे नाचना थाना क्षेत्र से करीब 40 किलोमीटर दूर अजासर गांव के पास हुआ। हादसे में फलोदी के देचू में नाड़ी सगरा निवासी लाखाराम (36) पुत्र धनाराम भील और अमराराम (37) पुत्र दुर्गाराम की मौत हो गई। पहले देखें… घटना से जुड़ी तीन PHOTOS बारिश से सड़क पर हो गए थे गड्‌ढे SHO सुमेरदाना ने बताया- पत्थर की पट्टियों से भरा ट्रक बालसेर से नाचना जा रहा था। ट्रक में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। अजासर गांव के पास ट्रक की स्टीयरिंग फेल हो गई। इसी दौरान बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क पर बने गड्ढों में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीन घायलों का इलाज जारी SHO ने बताया - ट्रक पलटने के बाद केबिन के ऊपर सो रहे दो लोग पट्टियों के नीचे दब गए। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से हथौड़े से पट्टियों को तोड़कर उसके नीचे नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को अस्पताल ले गए। जहां दो को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुकेश (35) पुत्र हरूराम, दो भाई घेवरराम (38) और गणपत राम (44) का इलाज जारी है।