पिंडवाड़ा शहर के मीणा वास अजयपुरा में गौतम जी मेले को लेकर इन दिनों खासा उत्साह है। पश्चिम राजस्थान के सबसे बड़े मेलों में से एक, मीणा समाज के इष्ट देव गौतम ऋषि महादेव के इस वार्षिक आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। मेले से कई दिन पहले ही मीणा समाज के गली-मोहल्लों और गांवों में पारंपरिक मेला गीतों और घुंघरा नृत्य की धूम शुरू हो जाती है। इसी क्रम में, 12 अप्रैल, रविवार रात को मीणा युवा संगठन अजयपुरा द्वारा एक भव्य मेला गीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पाली जिले की बाली तहसील से रामेश्वर मंडल हीरोला टीम, मंछाराम मीणा मालनू टीम और अन्य गांवों के कलाकारों ने शानदार नृत्य व गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 60 से 70 वर्ष के बुजुर्गों और 15 वर्ष तक के बच्चों द्वारा घुंघरू बांधकर किया गया पारंपरिक नृत्य रहा। हाथों में रुमाल, धोती-कुर्ता और पगड़ी में सजे इन कलाकारों ने मीणा समाज की समृद्ध संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की। रात करीब 9 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम सुबह 3 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष धनाराम मीणा कांटल का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मीणा समाज अजयपुरा के साथ-साथ पिंडवाड़ा ब्लॉक रोई परगना के विभिन्न गांवों से भी लोग उपस्थित रहे। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में भी भारी उत्साह देखा गया। गौरतलब है कि आज से गौतम ऋषि महादेव का तीन दिवसीय वार्षिक मेला शुरू होगा। यह मेला शिवगंज ब्लॉक के चोटिला गांव के पास सुकड़ी नदी में अरावली की पहाड़ियों के बीच आयोजित होता है। इस वार्षिक आयोजन में सिरोही, पाली और जालौर जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।