अजमेर की क्लॉक टावर थाना पुलिस ने लूट के मोबाइल खरीदकर बेचने वाले टॉप टेन में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर 48 ब्रांडेड और अन्य महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें एक लूटा हुआ मोबाइल भी शामिल है। एसएचओ भीखाराम काला ने बताया कि क्लॉक टावर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले शातिर आरोपी पंकज जैन (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर में सक्रिय मोबाइल लूट गिरोहों से सस्ते दामों में मोबाइल खरीदकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 महंगे ब्रांडेड मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनमें एक मोबाइल हाल ही में हुई लूट की वारदात से जुड़ा पाया गया है। अलवर के युवक से लूटा था मोबाइल एसएचओ ने बताया कि मामला तब सामने आया जब अलवर निवासी युवक ने अजमेर में उसके साथ हुई लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया था कि 16 फरवरी को वह अजमेर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा था। अगले दिन सुबह दो युवकों ने उसे बातों में उलझाकर सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की और उसका मोबाइल, पर्स और जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंकज जैन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह लूट के मोबाइल खरीदकर बाजार में खपाने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।