चोरी की कई वारदातें तो आपने सुनी होंगी, लेकिन अजमेर में चोरों की एक ऐसी हरकत सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया। चोर बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे, लाखों का सामान समेटा और वारदात के दौरान गर्मी लगने पर घर का AC चालू कर आराम से ठंडी हवा का आनंद भी लिया। सुबह पड़ोसियों ने मकान के दरवाजे खुले देखे और अंदर से AC चलने की आवाज सुनकर मालिक को सूचना दी। मामला क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र की वैशाली नगर स्थित RPSC कॉलोनी का है। पीड़ित एडवोकेट भवानी सिंह शेखावत ने बताया कि वे 26 जुलाई को पारिवारिक कार्यक्रम के लिए मेड़ता के पास अपने गांव गए थे। घर पूरी तरह बंद था। सोमवार सुबह पड़ोसियों का फोन आया कि मकान के ताले टूटे पड़े हैं, दरवाजे खुले हैं और अंदर AC, कूलर, पंखे व लाइटें चालू हैं। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और चोर फरार हो चुके थे। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से ₹1.50 लाख नकद, करीब 20 ग्राम सोने के आभूषण, कुछ चांदी के जेवर और एक iPhone 6 चोरी कर ले गए। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगालकर चोरों की तलाश कर रही है।