अजमेर की आनासागर झील की बदहाल स्थिति, फैली दुर्गंध और जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को लेकर कांग्रेस ने 24 जुलाई को अजमेर बंद की घोषणा की है। ये निर्णय अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में हुई बैठक में चर्चा कर लिया गया। बैठक में बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला प्रशासन को आनासागर की सफाई, झील से उठ रही दुर्गंध को समाप्त करने और इस संबंध में आवश्यक सभी काम पूरे करने की चेतावनी दी गई। अभी तक कुछ नहीं किया गया, इसलिए 24 जुलाई (शुक्रवार) को अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में अजमेर बंद का आह्वान किया है। शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि आनासागर की दुर्दशा और प्रशासन की उदासीनता के कारण पूरे शहर में महामारी फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रशासन को कई बार चेताने के बावजूद भी समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। बैठक में शहर के सभी सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं नागरिक संगठनों और आमजन से अपील की गई कि यदि प्रशासन निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं करता है, तो 24 जुलाई के अजमेर बंद को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें, ताकि प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के लिए मजबूर किया जा सके। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन फिर भी निष्क्रिय रहा तो कांग्रेस आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। बैठक महेन्द्र चौधरी, अमित गर्ग, कमल वर्मा, गजेंद्र सिंह रलावता, विवेक पाराशर, नौरत गुर्जर, नवीन कच्छावा, चंद्रशेखर बालोटिया आदि उपस्थित रहे। लोगों से संपर्क कर मांगा सहयोग बैठक के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने शहर के सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक एसोसिएशनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा अजमेर के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर 24 जुलाई को प्रस्तावित अजमेर बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। आवश्यक सेवाओं को रखा जाएगा मुक्त बैठक में अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित अजमेर बंद के दौरान जनहित और मानव सेवा से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाओं को पूर्ण रूप से बंद से मुक्त रखा जाएगा। चिकित्सालय, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम नागरिकों को परेशानी में डालना नहीं, बल्कि प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना और अजमेर को संभावित महामारी तथा आने वाले गंभीर स्वास्थ्य संकट से बचाना है। ……….. पढें ये खबर भी…. पुष्कर मेले में पहली बार महिलाएं दौड़ाएंगी बैलगाड़ी:अरावली की तलहटी में 60KM होगी घुड़सवारी, ट्रिक राइडिंग भी होगी पुष्कर पशु मेले में पहली बार अरावली की तलहटी में एंड्योरेंस राइडिंग (एक लंबी दूरी की घुड़सवारी) होगी। इसमें घोड़े और राइडर 60 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जिसमें 20-20 किलोमीटर के तीन लूप होंगे। हर 20 किलोमीटर पर घोड़ों की हार्ट बीट, डिहाइड्रेशन और फिटनेस की जांच की जाएगी। राइडर का भी स्टेमिना देखा जाएगा। मेडिकल अनफिट होने पर घोड़े को राइडिंग से बाहर कर दिया जाएगा। इसके अलावा रेवाल चाल (घोड़ों की एक विशेष चाल) और महिला किसानों की बैलगाड़ी परेड भी पर्यटकों व टूरिस्ट को आकर्षित करेगी। पशुपालन विभाग की ओर से गाय और ऊंटों को लेकर हर साल की तरह इस साल भी कई प्रतियोगिताएं होंगी। पूरी खबर पढें