अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आनासागर झील की बदहाली के विरोध में अपना आंदोलन तेज कर दिया है। 23 जुलाई को प्रस्तावित 'अजमेर बंद' को सफल बनाने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में आज सुबह शहर के प्रमुख बाजारों में जनसंपर्क रैली निकाली गई। कांग्रेस नेताओं ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की। रैली आगरा गेट से शुरू होकर नया बाजार, चूड़ी बाजार, पुरानी मंडी, मदार गेट, नला बाजार, दरगाह बाजार और धान मंडी सहित शहर के प्रमुख बाजारों से होकर निकली। रैली में पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह रलावता, डॉ. गोपाल बाहेती, नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। नेताओं ने दुकानदारों से 23 जुलाई को अपनी इच्छा दुकान बंद रखने और शहर हित में आंदोलन का साथ देने का आग्रह किया। 8 घंटे अजमेर बंद की अपील शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि 23 जुलाई को सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक अजमेर बंद रहेगा। यह बंद शहर में बढ़ते प्रदूषण और संभावित महामारी के खतरे को देखते हुए बुलाया गया है। उनका आरोप है कि राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण आना सागर झील की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान अस्पताल, एम्बुलेंस और मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट रहेगी। कांग्रेस नेता बोले- विकास में पिछड़ता जा रहा अजमेर कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह रलावता ने कहा कि कभी राजस्थान के प्रमुख शहरों में गिने जाने वाला अजमेर आज विकास के मामले में पिछड़ता जा रहा है। आनासागर झील, जो शहर की पहचान और स्वाभिमान का प्रतीक रही है, आज प्रशासनिक लापरवाही का शिकार है। उन्होंने शहरवासियों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। डॉ. गोपाल बाहेती ने कहा कि आनासागर झील में गिर रहे 13 गंदे नालों को बंद कराने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने और शहर को प्रदूषण व महामारी के खतरे से बचाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से सरकार और प्रशासन को शहर की समस्याओं पर गंभीरता से काम करने के लिए मजबूर किया जाएगा।