अजमेर बस स्टैंड से एक महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने, नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत करने, कई दिनों तक बंधक बनाकर रेप करने का मामला सामने आया है। पिता ने आरोपी परिचित पर उसके सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में पहले ब्यावर जिले के एक थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल अजमेर बस स्टैंड क्षेत्र पाए जाने पर केस को अजमेर की एक थाना पुलिस को जांच के लिए भेज दिया गया है। परिचित ने फोन कर बुलाया, कई दिनों तक बंधक बनाया पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि परिचित युवक ने फोन कर उसे अजमेर बस स्टैंड बुलाया। वहां उसे चाय पिलाई गई, जिसके बाद वह अचेत हो गई। होश आने पर उसने खुद को फलोदी में पाया। आरोप है कि आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार रेप किया। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसके पहने हुए सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल अपने पास रख लिए। शिकायत में आगे कहा गया है कि इसके बाद आरोपी उसे जोधपुर होते हुए अहमदाबाद के पास एक गांव ले गया, जहां एक कमरे में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी रोज उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता रहा और विरोध करने पर मारपीट करता था। कमरे को बाहर से बंद कर वह दिन में काम पर चला जाता था। बाहर निकलने में पड़ोसी ने की मदद पीड़िता ने बताया कि मौका मिलने पर उसने पड़ोस में रहने वाली एक युवती की मदद से कमरे से बाहर निकलकर अहमदाबाद बस स्टैंड पहुंची। वहां एक बस चालक से सहायता लेकर अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों की मदद से वह वापस अपने गांव पहुंची और पूरी घटना की जानकारी देने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज की है। चूंकि घटना की शुरुआत अजमेर बस स्टैंड क्षेत्र से होना सामने आया है, इसलिए मामले को आगे की जांच के लिए अजमेर पुलिस को भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।