अजमेर सेंट्रल जेल में मुख्य जेल प्रहरी के पास 294 संदिग्ध गोलियां मिली हैं। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद जेल प्रशासन ने मुख्य जेल प्रहरी करतार चौधरी (35) के जेल परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर पर 28 अक्टूबर को तलाशी ली थी। इस दौरान उसकी जेब से दो पार्सल में 294 सफेद गोलियां मिलीं। मामले में जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुख्य जेल प्रहरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं जेल प्रशासन ने मुख्य जेल प्रहरी को ड्यूटी से हटाकर मामले की जानकारी मुख्यालय भेजी थी। गुरुवार रात मुख्य जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया गया। जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वर के अनुसार- गोलियों के संबंध में प्रहरी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जेल प्रशासन ने सामग्री सील कर पुलिस को रिपोर्ट दी हैं। दो पार्सल में मिलीं 294 गोलियां, कुल वजन 39.68 ग्राम जेल प्रशासन की ओर से सिविल लाइंस थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार- 28 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सेंट्रल जेल में कार्यरत मुख्य जेल प्रहरी करतार चौधरी प्रतिबंधित सामग्री की सप्लाई करता है। इसी दिन शाम को उसके पास संदिग्ध सामग्री होने की सूचना मिली। इसके बाद जेल प्रशासन द्वारा प्रहरी के घर पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रहरी की पेंट की दाहिनी जेब से काले रंग की थैली में रखे टेप से बने दो पार्सल बरामद हुए। पहले पार्सल में 98 सफेद गोलियां मिलीं, जिनका कुल वजन 11.98 ग्राम था। दूसरे पार्सल का वजन 2.04 ग्राम था। इसमें 196 सफेद गोलियां मिलीं, जिनका कुल वजन 24.03 ग्राम था। दोनों पार्सल में कुल 294 गोलियां मिलीं, जिनका कुल वजन 39.68 ग्राम बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार- गोलियों को जेल डॉक्टर को दिखाया गया। डॉक्टर ने देखने पर कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जेल प्रशासन ने संदिग्ध सामग्री को पार्सल में सील कर थाने में शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है। सूत्रों के अनुसार- मुख्य जेल प्रहरी करतार तीन-चार साल से जेल में ड्यूटी दे रहा है। वर्तमान में उसकी दोपहर में ड्यूटी चल रही थी। यह खबर भी पढ़ें…. अजमेर जेल से एक नंबर पर 1283 बार कॉल किया:* खाते में 50 लाख का लेन-देन हुआ, कैदियों को करते थे नशे की गोलियों की सप्लाई