अजमेर में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार बदमाश महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। महिला बाइक के पीछे भी दौड़ी लेकिन बदमाश भाग गए। पार्षद के घर के बाहर हुई इस वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश नजर आए है। घटना क्लॉक टावर थाना क्षेत्र के मलूसर रोड पर आज सुबह की है। लूट की वारदात के PHOTOS बहन से बात करते समय पीछे से आए बदमाश पीड़ित महिला सीमा फुलवारी निवासी मलूसर ने बताया कि वह इलाज के लिए पहाड़गंज स्थित डिस्पेंसरी जा रही थी। रास्ते में मोबाइल से अपनी बहन से बात कर रही थी। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश तेज स्पीड में भाग गए। पार्षद के घर के बाहर लगे CCTV में कैद हुई घटना वारदात वार्ड पार्षद पिंकी बालोटिया के घर के बाहर हुई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बाइक सवार दोनों आरोपी मोबाइल छीनकर तेजी से भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर उठाए सवाल पार्षद पिंकी बालोटिया के पति चंद्रशेखर बालोटिया ने क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:45 से 11 बजे के बीच महिला रोते हुए उनके पास पहुंची। उन्होंने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वे फरार हो गए। उन्होंने कहा कि एक महीने में क्षेत्र में इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले रेलवे हॉस्पिटल के पास उनकी बहन के गले से चेन तोड़ने की कोशिश की गई थी। आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंचकर औपचारिकताएं पूरी कर देती है, लेकिन बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती। शहर में बढ़ रही दिनदहाड़े की वारदातों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।