गायों की सुरक्षा, सेवा और सम्मान के लिए सोमवार को जैसलमेर में गो-सम्मान आह्वान अभियान के तहत भजन-कीर्तन यात्रा निकाली गई। खाद्य व्यापार गो-सेवा संघ की ओर से निकाली गई यात्रा गड़ीसर गेट से शुरू होकर शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां संघ पदाधिकारियों ने एसडीएम के जरिए राजस्थान के राज्यपाल के नाम स्मरण पत्र सौंपा। संतों के आशीर्वाद से शुरू हुई यात्रा यात्रा की शुरुआत गड़ीसर गेट से संतों के आशीर्वाद के साथ हुई। इसमें बीजेपी जिलाध्यक्ष, महंत बाल भारती महाराज सहित कई संत और स्थानीय लोग शामिल हुए। श्रद्धालु ढोल और मंजीरों के साथ गो-भजन गाते हुए आगे बढ़े। यात्रा गुलासतला रोड, आसनी रोड, गोपा चौक, सदर बाजार, गांधी चौक और हनुमान चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गो-सेवा और गो-रक्षा के जयकारे लगाए। राज्य माता और राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद संघ के पदाधिकारियों और संतों ने एसडीएम के जरिए राजस्थान के राज्यपाल के नाम स्मरण पत्र सौंपा। इसमें गाय को राजस्थान में 'राज्य माता' और केंद्र सरकार से 'राष्ट्रमाता' घोषित करने की मांग की गई। इसके साथ ही गो-हत्या पर पूरी तरह रोक लगाने और गो-आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी की गई। 3.10 लाख लोगों ने किया समर्थन संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 27 अप्रैल 2026 को भी सरकार को इस संबंध में पत्र भेजा गया था। अब सरकार का ध्यान दोबारा इस मांग की ओर खींचने के लिए स्मरण पत्र दिया गया है। पदाधिकारियों के अनुसार, अभियान को लोगों का समर्थन मिल रहा है। अब तक 3 लाख 10 हजार लोग हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दे चुके हैं।