अजमेर में कांग्रेस की बैठक के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और नेतृत्व के प्रति समर्पण का संदेश देखने को मिला। कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह रलावता ने शहर अध्यक्ष के नेतृत्व में काम करने की बात कहते हुए यहां तक कहा कि जरूरत पड़ी तो वे 12वें खिलाड़ी बनकर पानी की बोतल लेकर मैदान में उतरने को भी तैयार हैं। अजमेर में सोमवार को कांग्रेस की प्रभारी रूबी खान के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह रलावता का जन्मदिन भी मनाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गई। रलावता ने संगठन में एकजुटता का दिया जोर इस दौरान संबोधित करते हुए रलावता ने संगठन में एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि शहर अध्यक्ष ही टीम के कप्तान हैं और सभी कार्यकर्ता उनके साथ चलने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं- चाहे वह मैदान में 12वें खिलाड़ी की भूमिका ही क्यों न हो। रलावता ने शहर अध्यक्ष डॉ. जयपाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की अच्छी परंपरा शुरू की है। हर कार्यक्रम और आंदोलन में साथियों को जोड़ने से संगठन मजबूत होता है। महेंद्र सिंह रलावता ने क्रिकेट उदाहरण से दिया संदेश अपने संबोधन में उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे बड़े खिलाड़ी भी टीम के हित में कप्तान के निर्देशों का पालन करते हैं, उसी तरह संगठन में अनुशासन जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे पहले भी संगठन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं और अब भी जो आदेश मिलेगा, उसी के अनुसार काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।