अजमेर में बुधवार को अपराध से जुड़ी अलग-अलग खबरें सामने आईं। कृष्णगंज थाना क्षेत्र के पंचशील नगर में दिनदहाड़े टीचर के घर चोर घुसा और लैपटॉप, नकदी समेत सामान लेकर फरार हो गया। आबकारी विभाग ने कोटड़ा और बोराज की पहाड़ियों में दबिश देकर हथकड़ शराब की भट्टियां नष्ट कर अवैध शराब जब्त की। टीचर के घर में दिनदहाड़े चोरी पंचशील नगर के सी ब्लॉक में सिंधु भवन के पास दिनदहाड़े टीचर के घर में चोर घुस गए। सेंट्रल गर्ल्स स्कूल में कार्यरत टीचर अंजुला श्रीवास्तव के मकान में गेट फांदकर चोर घुसा और अलमारी का कुंडा व ताला तोड़कर नकदी-सामान चोरी कर भाग गया। टीचर के अनुसार- वारदात दोपहर करीब 2:30 बजे की है। चोर करीब 2 हजार रुपए नकद, लैपटॉप, चांदी की अंगूठी, मेमोरी कार्ड रीडर और गुल्लक में रखी रकम ले गया। चोरी के बाद घर का सामान भी अस्त-व्यस्त मिला। टीचर ने 50 हजार रुपए से अधिक का नुकसान बताया है। आरोप है कि वह बच्चों को लेने आने का बहाना कर इलाके में घूम रहा था। मौका मिलने पर दीवार फांदकर घर में घुसा। कृष्णगंज थाना पुलिस ने मौके का जायजा लेकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया और संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। 151 बोतल हथकड़ शराब जब्त; एक गिरफ्तार आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटड़ा और बोराज की पहाड़ियों में दबिश दी। आबकारी निरीक्षक गुरनाम सिंह की टीम ने संयुक्त रेड के दौरान 3 मुकदमे दर्ज किए। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई में 151 बोतल हथकड़ शराब, 39 पव्वे देशी मदिरा और 12 बीयर केन जब्त किए गए। इसके अलावा मौके पर 1000 लीटर वॉश और 4 पुरानी भट्टियां नष्ट की गईं। कार्रवाई से कोटड़ा और बोराज क्षेत्र में अवैध हथकड़ शराब की कसीदगी, भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया।