दीपावली पर इस बार अजमेर शहर के बाजारों में गेरुआ स्वागत द्वार, प्रमुख चौराहों पर रंग-बिरंगी रोशनी और झील किनारे जगमगाती लाइटिंग की जाएगी। नगर निगम ने दीपोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के पारंपरिक बाजारों से लेकर चौपाटियों और सरकारी इमारतों तक को रोशनी से सजाने की योजना है। बाजारों में स्वागत द्वार बनाने और लाइटिंग का काम शुरू कर दिया गया है। कई जगह स्थानीय मार्केट एसोसिएशन भी सजावट में सहयोग कर रही हैं। खास बात यह है कि मार्टिंडल ब्रिज से आगरा गेट तक एलिवेटेड रोड के नीचे बने रामसेतु वाले हिस्से को भी पहली बार सजाया जाएगा। निगम की योजना के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में सजावट और रोशनी से जुड़े ज्यादातर काम पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद शहर में एक साथ लाइटिंग शुरू की जाएगी, जो दीपावली तक जारी रहेगी। रामप्रसाद घाट से वैशाली नगर तक दिखेगी रोशनी दीपोत्सव के लिए शहर के प्रमुख स्थानों को भी सजाने की तैयारी है। रामप्रसाद घाट, वैशाली नगर, पुरानी चौपाटी, नई चौपाटी और रीजनल कॉलेज चौपाटी पर आकर्षक लाइटिंग की जाएगी। इसके साथ ही मुख्य चौराहों और प्रमुख सरकारी इमारतों को भी रोशनी से सजाया जाएगा। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में दीपावली की रौनक नजर आएगी। बाजारों में गेरुआ स्वागत द्वार, लाइटिंग से बढ़ेगी रौनक शहर के प्रमुख बाजारों में गेरुआ रंग के स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। इन पर लाइटिंग भी की जाएगी। बाजारों में सजावट का काम स्थानीय मार्केट एसोसिएशन के सहयोग से भी किया जा रहा है। त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सजावट और रोशनी के बीच दीपावली का माहौल देखने को मिलेगा। एलिवेटेड रोड के नीचे पहली बार सजावट इस बार दीपोत्सव में रामसेतु के नीचे का हिस्सा भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। मार्टिंडल ब्रिज से आगरा गेट तक रंगीन रोशनी से सजावट की जाएगी। एलिवेटेड रोड बनने के बाद इस हिस्से में पहली बार दीपावली पर सजावट की तैयारी है। निगम की यह पहल शहर के इस हिस्से को नया रूप देने के साथ त्योहार की रौनक बढ़ाएगी। सवा लाख दीपक जलाने की तैयारी, स्थान और दिन जल्द होंगे तय दीपावली पर शहर में सवा लाख दीपक जलाने की भी योजना है। नगर निगम प्रशासन जल्द ही इसके लिए स्थान और दिन तय करेगा। इसके बाद आयोजन की तैयारियां शुरू की जाएंगी। एक साथ सवा लाख दीपक प्रज्ज्वलित करने का आयोजन शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बन सकता है।