अजमेर में चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना रविवार सुबह फरीदाबाद कॉलोनी की है। फरीदाबाद कॉलोनी निवासी सोनू बिजावत ने रोज की तरह अपना ई-रिक्शा घर के बाहर चार्जिंग पर लगाया था। इसी दौरान बैटरी में अचानक चिंगारी उठी और कुछ ही पलों में आग ने पूरे रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि रिक्शा को बचाया नहीं जा सका। सोनू ने बताया कि उन्होंने हाल ही में बैंक से लोन लेकर किस्तों पर यह ई-रिक्शा खरीदा था। यही उनकी आय का मुख्य साधन था, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद अब उनके सामने जीवन यापन का संकट आ गया है।