अजमेर पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने राज्य के विभिन्न जिलों में 10 चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इनके कब्जे से 50 लाख से अधिक की कीमत की ज्वेलरी, एक टोपीदार एकनाली बंदूक बरामद कर चोरी में उपयोग ली गई पिकअप और मोटरसाइकिल जब्त की। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया- पीसांगन थाने में 22 मार्च को अखेपुरा निवासी गिरधारी सिंह रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि घर में चोरों ने कमरों को बाहर से बंद कर दिया। वहीं दूसरे कमरे की कुंदी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। पुलिस ने टीम बनाई। पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के बदमाश दूदू क्षेत्र के पास जंगल में छिपे हुए हैं। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर एक महिला सहित चार बदमाशों को पकड़ा। जंगल में छिपे थे, दबोचा तो कबूली वारदातें एएसपी दीपक कुमार और सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी के सुपरविजन व पीसांगन थाना प्रभारी सरोज चौधरी, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस थाना पीसांगन व साईबर सैल जिला अजमेर की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने पीसांगन क्षेत्र में हुई चोरी के साथ राज्य के अन्य जिलों में कई विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदात करना कबूल किया। बदमाशों ने अजमेर में पुष्कर थाना क्षेत्र में 3 चोरी की वारदातें, पुलिस थाना बांदरसिंदरी क्षेत्र में 3 चोरी की वारदातें, पुलिस थाना जसनगर के गांव दासावास में एक चोरी की वारदात और सीकर के खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र में एक चोरी की वारदात कबूल की। इसके अलावा भी अन्य कई चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। सूने व बंद मकानों को बनाते थे निशाना आरोपी सुनसान जगहों पर बने मकानों और बंद मकानों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते। वे दिन में आचार बेचने की आड़ में रेकी करके बंद मकान को चिन्हित करते। इसके बाद रात को चोरी करते। गिरोह के बदमाश अपने बचाव के लिए अपने साथ गिलोल और एक हथियार भी रखते। इससे वे पकड़े जाने या घेरे जाने पर आमजन को डराकर भागने की कोशिश करते थे। पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पप्पू (33) पुत्र कालूराम निवासी गांव श्यामी की ढाणी वार्ड 7 ग्राम पंचायत बदडोती पुलिस थाना सांभर जिला जयपुर ग्रामीण हाल ससुराल दयालपुरा पुलिस थाना दूदू जिला जयपुर ग्रामीण, दिनेश (19) पुत्र पप्पूराम निवासी दयालपुरा सेवा पुलिस थाना दूदू जिला जयपुर ग्रामीण, लखन मोग्या (24) पुत्र सुखलाल मोग्या निवासी नोरगपुरा बगडवा पुलिस थाना पीपलू जिला टोंक हाल ससुराल खातोलाई पुलिस थाना बांदरसिंदरी जिला अजमेर और नेमा (42) पत्नी भैरू निवासी खातोलाई पुलिस थाना बांदरसिंदरी जिला अजमेर को पकड़ा है। बार-बार बदलते ठिकाना गिरोह के बदमाश एक स्थान पर अधिक समय तक नहीं रुकते, बार-बार ठिकाने बदलते रहते। वहीं स्थानीय लोगों से दूरी बनाए रखते, ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके। भय और दबाव के कारण स्थानीय लोग भी इनके संबंध में सूचना देने से कतराते। पुलिस थाना पीसांगन व साइबर सेल की टीम ने इन कुख्यात गैंग को पकड़कर लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में सफलता प्राप्त की।