अजमेर शहर के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से महिलाओं और युवतियों के लापता होने के मामले सामने आए हैं। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को एक महिला स्कूल ले गई। स्कूल में लड़की के दादा की बीमारी का बहाकर झांसे में लिया। वहीं पति की मौत के पांच महीने बाद चार बच्चों की मां लापता हो गई। एक युवती ने पिता को फोन कर नसीराबाद पहुंचने की बात कही और फिर मोबाइल बंद कर लिया। वहीं, 23 साल युवती के घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी। चारों मामलों में संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी है। दादा की बीमारी का बहाना बनाकर छात्रा को स्कूल से ले गई महिला अलवर गेट थाना पुलिस के अनुसार- थाना क्षेत्र के स्कूल से 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, वे सुबह छात्रा को स्कूल छोड़कर आए थे। लंच के बाद जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजन स्कूल पहुंचे। वहां पता चला कि एक महिला दादा की गंभीर बीमारी का हवाला देते हुए प्रार्थना-पत्र लेकर आई थी। इसके बाद वह स्कूल प्रबंधन से छुट्टी करवाकर छात्रा को अपने साथ ले गई। परिजनों ने एक स्थानीय युवक और उसके परिजनों पर छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने की साजिश का संदेह जताया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पति की मौत के 5 महीने बाद चार बच्चों की मां लापता रामगंज थाना क्षेत्र में चार छोटे बच्चों की मां के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला का करीब पांच महीने पहले पति का निधन हो गया था। वह अपने तीन बेटों और एक बेटी के साथ ससुराल में रह रही थी। परिजनों के अनुसार- महिला सुबह घर पर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान वह बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रामगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। मां के लापता होने से चारों बच्चों की देखभाल को लेकर परिवार चिंतित है। पिता को फोन कर कहा- नसीराबाद पहुंच गई हूं, फिर मोबाइल बंद सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार- युवती शाम को घर से निकली थी। कुछ समय बाद उसने पिता को फोन किया और कहा कि 'पापा, मैं नसीराबाद पहुंच गई हूं और जा रही हूं। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूर्व में एक युवक से युवती के रिश्ते की बात चली थी लेकिन युवक की नशे की आदत के कारण रिश्ता तय नहीं किया गया। परिजनों को आशंका है कि वही युवक युवती को अपने साथ ले गया है। पुलिस इस आशंका सहित अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। सुबह 7 बजे घर से निकली युवती, नहीं लौटी कृष्णगंज थाना क्षेत्र से भी 23 साल की युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार- युवती सुबह करीब 7 बजे मोबाइल लेकर घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कृष्णगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस युवती की तलाश में जुटी है। मामले में मोबाइल संबंधी जानकारी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। चारों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संबंधित जांच अधिकारी परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लापता महिलाओं व युवतियों का पता लगाने में जुटे हैं।