अजमेर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष और स्थानीय विधायक डॉ. विकास चौधरी का जन्मदिन इस वर्ष 'सेवा और विकास दिवस' के रूप में मनाया गया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की, विकास कार्यों का लोकार्पण किया, मेधावी छात्रों को सम्मानित किया, दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की और गौसेवा जैसे जनहित के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। अजमेर जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी फल वितरण, भोजन सेवा और पौधारोपण जैसी सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया। डॉ. चौधरी ने अपने जन्मदिन की शुरुआत वीर तेजाजी महाराज की निर्वाण स्थली सुरसुरा से की। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली, समृद्धि और अच्छी वर्षा की कामना की। इस अवसर पर काली डूंगरी, खातोली मोड़, रलावता, माली समाज सुरसुरा और मंदिर समिति सहित कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। पौधारोपण किया
सुरसुरा से लौटने के बाद विधायक मदनेश गौशाला पहुंचे। उन्होंने अपनी 'एक पेड़, एक कार्यकर्ता' मुहिम के तहत पौधारोपण किया और गौमाता को गुड़, चारा व लापसी खिलाकर गौसेवा की। इसी दौरान विधायक कोष से निर्मित गौशाला के मुख्य द्वार से गो-चिकित्सालय तक की रंगीन सीसी ब्लॉक सड़क का लोकार्पण भी किया गया। ये सड़क पिछले वर्ष की घोषणा के अनुरूप तैयार की गई थी। सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया
इसके बाद डॉ. चौधरी सांवतसर स्थित रेगर मोहल्ला पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक कोष से निर्मित सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, विधायक ने डांडिया महोत्सव के दौरान इस भवन के निर्माण का वादा किया था। मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
आरके कम्युनिटी सेंटर में आयोजित समारोह विधायक के जन्मदिन का मुख्य आकर्षण रहा। इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही, विधायक कोष से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को स्कूटी भी वितरित की गईं। पुष्कर सरोवर पर की पूजा
दोपहर बाद विधायक डॉ. विकास चौधरी तीर्थनगरी पुष्कर पहुंचे। उन्होंने ब्रह्म घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र सरोवर का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और किसानों के लिए अच्छी वर्षा की कामना की। इसके बाद उन्होंने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन किए, जहां मंदिर समिति ने उनका स्वागत किया। शाम को किशनगढ़ पहुंचने पर नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्य चौराहे पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच हजारों कार्यकर्ताओं ने विधायक का अभिनंदन किया। विधायक के जन्मदिन पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए, जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री एवं भोजन पैकेट उपलब्ध कराए तथा कई स्थानों पर पौधारोपण और जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यकर्ताओं ने जन्मदिन को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए इसे सेवा और समर्पण का पर्व बनाया। डॉ. चौधरी को जन्मदिन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट, भंवर जितेंद्र सिंह, दीपेंद्र हुड्डा, रफीक खान सहित अनेक सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने फोन एवं संदेशों के माध्यम से शुभकामनाएं दी।