रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। जोधपुर–साबरमती एक्सप्रेस का संचालन फिर शुरू किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया- अजमेर मंडल में अजमेर-पालनपुर रेलखंड पर जवाली-रानी स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 633 व 634 पर आरसीसी बॉक्स डालने के कार्य के लिए 23 से 25 अप्रैल तक ब्लॉक लिया गया था। इस तकनीकी कार्य के कारण जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस के दो ट्रिप रद्द किए गए थे। वहीं अब काम पूरा होने के बाद रद्द ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाएगा। ट्रेन संख्या 14821 जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस 25 अप्रैल से जोधपुर से पुनः संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 14822 साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस 26 अप्रैल से साबरमती से निर्धारित समय पर चलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार- दोनों ट्रेनें अब पूर्व निर्धारित समयानुसार चलेंगी, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14864 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस 5 मई को जोधपुर से दो घंटे देरी से रवाना होगी। मरुधर एक्सप्रेस 5 मई को 2 घंटे देरी से चलेगी उत्तर-पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में चल रहे तकनीकी कार्यों के कारण जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस के संचालन समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार- जयपुर-फुलेरा रेलखंड के धानक्या स्टेशन यार्ड में एलसी संख्या 235 के स्थान पर आरसीसी बॉक्स की एयर पुशिंग का काम किया जा रहा है। इस काम के चलते ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते ट्रेन संख्या 14864 जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस 5 मई को जोधपुर से निर्धारित समय सुबह 8:35 बजे के बजाय दो घंटे की देरी से सुबह 10:35 बजे रवाना होगी।