अजमेर जिले के पीसांगन के एक घर में हुई एक चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गहने चोरी करने वाली महिला इसी घर में किराएदार रह चुकी है। पुलिस ने 20 लाख से अधिक कीमत के गहने बरामद भी कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ में जुटी है। एडिशनल एसपी (ग्रामीण) दीपक कुमार ने बताया- मेवाडिया हाल प्रताप पुरा रोड पीसांगन निवासी चुका देवी (75) पत्नी भैरूलाल ने रिपोर्ट दी कि किसी काम के लिए अहमदाबाद गयी हुई थी। 12 अप्रैल को वापस आई तो घर पर बक्से और पेटियों के ताले टूटे पडे़े थे। सामान बिखरा था। घर के कमरे में बक्सें में रखे सोने चांदी के गहने और कैश चोरी हो गए थे। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया। सीओ ग्रामीण एएसपी रामचन्द्र चौधरी के सुपरविजन एवं थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। बाद में मुखबिर की सूचना पर एक सदिग्ध महिला को डिटेन किया गया। जो पीसांगन में ही जगह-जगह किरायेदार के रूप में रही थी। गणगौरी चौक भैरू दरवाजा पीसांगन निवासी शमिना बानों (38) पत्नी असलम से थाने लाकर पूछताछ की तो वारदात करना स्वीकार किया। उसके घर से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद कर लिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। दूसरे मामला- स्मैक के साथ दो गिरफ्तार वहीं, एक अन्य मामले में जिला पुलिस की स्पेशल टीम व पुलिस थाना आदर्शनगर की टीम ने गश्त के दौरान भण्डारपाल के पास एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकवाया। दोनों ने अपना नाम गोपाल सिंह पुत्र दातार सिंह (43) निवासी पुराना बाजार गांव भांवता और लक्ष्मण गिरी पुत्र नाथू गिरी (74) निवासी बडा रावला के सामने, गांव भांवता बताया। इस पर उनकी तलाशी ली। गोपाल सिंह के कब्जे में 1.71 ग्राम स्मैक मिला। साथ ही लक्ष्मण गिरी के कब्जे से 1.30 ग्राम स्मैक मिला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर स्मैक जब्त कर ली। दोनों से पूछताछ जारी है। तीसरा मामला - 48 ग्राम चरस सहित दो गिरफ्तार, कार जब्त अजमेर पुलिस ने 48.21 ग्राम चरस सहित दो व्यक्तियों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। उनकी फॉरच्यूनर व उनके पास मिले 41 हजार 710 रुपए भी जब्त कर लिए है। पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया और कहा कि रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी। एएसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया- जिला स्पेशल टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि पुलिस थाना गंज क्षेत्र में फॉरच्यूनर गाड़ी में मादक पदार्थ होने की संभावना है। जिस पर पुलिस गंज व जिला स्पेशल टीम रामनिवास गेस्ट हाउस की पार्किंग में पहुंची और वहां फॉरच्यूनर के बारे में गेस्ट हाउस संचालक से पूछताछ की। उसने बताया कि इससे आए दो लोग गेस्ट हाउस के कमरा नं. 101 में रूके है। कमरे में दबिश दी तो मंजीन्द्र सिंह पुत्र रणजीत सिंह उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम बुघा, पोस्ट तरन तारन, पंजाब व हरजीत सिंह पुत्र सरबजीत सिंह उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम 69 डोलिके, पोस्ट तरन तारन, पंजाब मिले। उनके तकिये के नीचे अवैध मादक पदार्थ चरस कुल मात्रा 48.21 ग्राम मिला। जिस पर उसे जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और कार भी जब्त कर ली है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।