अजमेर पुलिस ने शहर में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की वारदातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कृष्णगंज और कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा किया है। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने दोनों मामलों में 2 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, आधी सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस दोनों मामलों में फरार आरोपियों के साथियों की तलाश कर रही है। गुरुवार को मामले का खुलासा एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने किया। भागते समय गिरा आरोपी कृष्णगंज थाना क्षेत्र की जनता कॉलोनी में 14 जुलाई की रात मंदिर के बाहर खड़ी महिला (61) के गले से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया था। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान बदमाशों की पहचान होने पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के अनुसार आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पीछा करने के दौरान गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया सोने का मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। इस मामले में उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील उर्फ राहुल (20) निवासी आदर्श नगर क्षेत्र के रूप में हुई है। चेन स्नेचिंग का माल बेचने वाला आरोपी भी गिरफ्तार कोतवाली थाना क्षेत्र में 25 जून को पार्किंग के पास पैदल जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बदमाशों के मामले का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस मामले में पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में सामने आया कि लूटी गई चेन का हिस्सा उसके साथी के पास है। इसके आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी सुबीर उर्फ सुनील (22) निवासी मदनगंज-किशनगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई सोने की चेन का आधा हिस्सा बरामद किया गया है। पुलिस फरार साथी और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वारदात पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बाइक पर शहर और आसपास के क्षेत्रों में घूमते थे। मौका मिलते ही अकेली जा रही महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से मंगलसूत्र या चेन झपटकर फरार हो जाते थे। लूटे गए जेवर बेचकर आरोपी नशे का खर्च उठाते थे। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में शहर की अन्य चेन स्नेचिंग की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।