राजस्थान हाईकोर्ट ने कृषि पर्यवेक्षक भर्ती-2025 का अंतिम परिणाम जारी करने और नियुक्तियां देने पर रोक लगा दी है। जस्टिस गणेशराम मीणा की अदालत ने सतीश कुमार मीणा और अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह रोक लगाई। कोर्ट ने कर्मचारी चयन बोर्ड और कृषि विभाग के प्रमुख शासन सचिव से जवाब भी मांगा है। याचिका में तीन विवादित सवालों को चुनौती दी गई थी। RPSC में जवाब सही, कर्मचारी चयन बोर्ड में गलत याचिकाकर्ता के वकील हरेंद्र नील ने बताया- ऑब्जेक्टिव प्रश्न पत्र में पूछे गए सवालों में से 3 सवालों को लेकर विवाद था। मुख्य विवाद सवाल नंबर-56 को लेकर था। इस सवाल के जिस जवाब को कर्मचारी चयन बोर्ड गलत मान रहा है। उसी जवाब को RPSC ने स्कूल लेक्चरर एवं कोच भर्ती-2025 में सही माना था। इस सवाल को लेकर विवाद सवाल नंबर-56: इनमें से कौनसी मवेशियों की द्वि-प्रयोजनी नस्ल हैं- (A) थारपारकर (B) सिंधी (C) साहिवाल (D) डांगी कर्मचारी चयन बोर्ड ने प्रारंभिक आंसर-की में इसका जवाब थारपारकर सही माना, लेकिन फाइनल आंसर-की में डांगी को सही मान लिया। इसे हाईकोर्ट में यह कहते हुए चुनौती दी गई कि RPSC ने यही सवाल स्कूल लेक्चरर एवं कोच भर्ती-2025 में पूछा था। जिसमें थारपारकर को ही सही माना था। वहीं कृषि विभाग और पशुपालन विभाग की किताबों में भी इसे ही सही माना गया है। सवाल 9 का जवाब कर्मचारी चयन बोर्ड ने मॉडल आंसर-की और फाइनल आंसर-की में (B) को सही माना है, लेकिन याचिकाकर्ताओ का तर्क है कि आंसर (C) सही होना चाहिए। इसी तरह सवाल 47 का जवाब कर्मचारी चयन बोर्ड ने मॉडल आंसर-की में (B) और फाइनल आंसर-की में (c) सही माना है, लेकिन याचिकाकर्ताओ का तर्क है कि आंसर (B) सही होना चाहिए। केवल सवाल नंबर-56 में ही RPSC वाला तर्क है। बाकी दोनों सवालों को लेकर याचिकाकर्ताओं ने अन्य किताबों का हवाला दिया है। कृषि पर्यवेक्षक के करीब 1100 पदों पर भर्ती कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा 1100 पदों के लिए आयोजित हुई थी। भर्ती की लिखित परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को हुई थी। 15 जून को फाइनल आंसर-की और 23 जून को दस्तावेज सत्यापन के लिए फाइनल अंतरिम परिणाम जारी किया गया था। ये खबर भी पढ़ें राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनोग्राफर के 163 पदों पर भर्ती:12वीं पास उम्मीदवार कर सकेंगे अप्लाई; जानें- कब से शुरू होंगे आवेदन राजस्थान हाईकोर्ट ने स्टेनोग्राफर के 163 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इसके लिए पात्र अभ्यर्थी 22 जुलाई से 10 अगस्त तक जोधपुर हाईकोर्ट की ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। (पूरी खबर पढ़ें)