अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने एटीएस की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नेपाल के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों तस्करों से करीब एक करोड़ की चरस जप्त की गई है। इसका वजन करीब 2 किलो है। दोनों तस्कर नेपाल से अजमेर चरस सप्लाई करने के लिए आए थे। लेकिन एटीएस की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस अब मामले में दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को मामले की जानकारी एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ की ओर से दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मादक पदार्थ को पुष्कर में सप्लाई किया जाना था। इससे पहले एक डिलीवरी दिल्ली में की गई थी। पूर्व में महाराष्ट्र और देश के अंदर राज्यों में सप्लाई की जा चुकी है। एटीएस से मिली थी सूचना एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि एटीएस की ओर से सूचना दी गई की दो तस्कर चरस की सप्लाई लेकर अजमेर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने एमडीएस तिराहे पर नाकाबंदी की गई। तभी रोडवेज बस से उतरे दो संदिग्ध युवकों से पूछताछ की तो वह घबरा गए। पुलिस ने दोनों की चेकिंग की तो उनके पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। टीम ने कार्रवाई करते हुए नेपाल निवासी खेमकुमार पुत्र भीमसारु और अजय राणा पुत्र महरमान राणा को गिरफ्तार किया है। इनसे दो किलो की चरस बरामद हुई है। इसकी बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। बस से अजमेर आए थे एएसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नेपाल से मादक पदार्थ लेकर भारत के अलग-अलग कोनों में दोनों तस्कर सप्लाई करते थे। चरस बस के जरिए अजमेर लाए थे। यहां वह बेचने की फिराक में थे। अब इस पूरे मामले के नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।