अजमेर में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ बेचने वाली आरोपी महिला को मकान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। नसीराबाद थाना पुलिस ने महिला के कब्जे से 11.37 ग्राम स्मैक बरामद की। पूछताछ में आरोपी महिला ने मादक पदार्थ पति की ओर से उपलब्ध करवाने की बात कही, जिसके बाद वह घर से ही पुड़ियां बनाकर बेचती थी। ग्राम बलवंता में मयूर कॉलोनी स्थित एक मकान में पुलिस ने दबिश दी। आरोपी महिला का नाम नगीना पत्नी योगेश सांसी निवासी ग्राम लोहरवाड़ा, हाल में मयूर कॉलोनी बलवंता है। पुलिस ने महिला और उसके पति सहित 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच नसीराबाद सिटी थाना प्रभारी पंकज मांझू को सौंप दी गई है। महिला ने कपड़ों में छिपा रखा था स्मैक नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक बिशु ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलवंता की मयूर कॉलोनी स्थित एक मकान में एक महिला अवैध मादक पदार्थ स्मैक बेचने का काम कर रही है। इस पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी और नगीना पत्नी योगेश की महिला कॉन्स्टेबल ने तलाशी ली तो उसके कपड़ों में एक छोटा लेडीज पर्स मिला। पुलिस टीम ने पर्स को खोलकर जांच की तो उसमें छोटी-छोटी 17 पुड़ियां और 1300 रुपए की नकदी मिली। पर्स में मिली पुड़ियों में कॉफी रंग का पाउडर भरा हुआ था। जिसकी जांच करने पर उक्त पाउडर स्मैक होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मकान के कमरे की तलाशी ली तो कमरे में बनी अलमारी के गेट पर एक लैदर पर्स लटका हुआ मिला। जिसको खोलकर जांच की तो उसमें भी स्मैक की 9 कागज की पुड़ियां मिली। पर्स में एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 37 हजार 700 रुपए भी रखे हुए मिले। जिसके बाद पुलिस ने महिला के पास से 26 पुड़ियों में से 11.37 ग्राम स्मैक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और स्मैक के बेचान से प्राप्त हुई कुल राशि 39 हजार रुपए बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला और उसके पति सहित 6 लोगों पर FIR पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि अवैध स्मैक उसका पति योगेश सांसी पुत्र जगदीश भानावत निवासी लोहरवाड़ा उसे उपलब्ध करवाता है। जिसे वह कागज की पुड़ियां बनाकर नसीराबाद निवासी अकबर पुत्र अफजल, देराठू निवासी राहुल पुत्र चंदूराम जाट, बिजयनगर निवासी आरिफ पुत्र सलीम और नसीराबाद निवासी विनोद पुत्र प्रेमचंद को बेचान करती है। जिस पर पुलिस ने मुकदमें में महिला के पति योगेश, अकबर, राहुल, आरिफ और विनोद को भी नामजद आरोपी बनाया गया। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)