अजमेर जिले के एक प्राइवेट स्कूल की महिला टीचर ने स्कूल के ही एक शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) पर अश्लील हरकते करने, अश्लील मैसेज भेजने और जबरन विवाह करने का दबाव बनाते हुए तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़ित शिक्षिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच प्रारंभ कर दी। पीड़ित शिक्षिका ने दर्ज मामले में आरोप लगाया कि उनकी स्कूल में कार्यरत पीटीआई उसके ऊपर गलत नजर रखता है जिसकी शिकायत उसके द्वारा पूर्व में भी स्कूल के प्रिंसीपल को की गई थी। लेकिन गत 13 जुलाई से आरोपी लगातार उससे जबरन अश्लील बाते कर रहा है तथा उसके अश्लील मैसेज भेज रहा है। जिस पर उसने आरोपी शिक्षक के नंबर ब्लॉक कर दिए तो आरोपी उसे स्कूल में फोन चालू करने की धमकी देता है। आरोपी 2 बच्चों का पिता पीड़िता का आरोप है कि जब उसने फोन चालू करने से मना किया तो आरोपी ने उस पर जबरन विवाह करने का दबाव बनाया और मना करने पर आरोपी द्वारा तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। आरोपी उसकी कक्षा से निकलते समय गंदे इशारे करता है तथा शादी-शुदा और 2 बच्चों का पिता होने के बावजूद उससे जबरन प्रेम विवाह करने की धमकी देता है और उसे हैरान-परेशान करता है। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)