अजमेर के दरगाह थाना क्षेत्र में देर रात रिश्तेदारी के पुराने विवाद को सुलझाने के दौरान दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। झगड़े में दोनों पक्षों से एक-एक युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (जेएलएन अस्पताल) में भर्ती करवाया है। जानकारी के अनुसार खादिम मोहल्ला छोटा चौक निवासी सैयद अदिमुल हसन और उसका भाई सैयद नदिमूल हसन, बाबा हाउस स्थित अपने रिश्तेदार सैयद सलमान चिश्ती के घर पुराने विवाद को सुलझाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से धारदार हथियार निकल आए और हमला कर दिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज करवाया झगड़े में सैयद नदिमूल हसन और सैयद अमान चिश्ती घायल हो गए। सूचना मिलने पर दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार और मेडिकल करवाया गया। इधर, अस्पताल में घायल सैयद नदिमूल हसन को लहूलुहान हालत में देखकर परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने सोनोग्राफी कक्ष की खिड़की तोड़ दी, जिससे अस्पताल में हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने जांच की शुरू पुलिस जांच में सामने आया कि सैयद नदिमूल हसन शाम को सुलह के लिए रिश्तेदार के घर गया था, जहां विवाद बढ़ गया। वहीं दूसरे पक्ष के सैयद अमान चिश्ती का कहना है कि वह बीच-बचाव के लिए पहुंचा था, इसी दौरान उसे चोट लगी। दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी ने बताया कि आपसी कहासुनी के चलते विवाद हुआ है। दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति घायल हुए हैं। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और अभी तक किसी पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।