अजमेर के वैशाली नगर क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी, गोरी नगर और हरिओम कॉलोनी में पिछले कई दिनों से लगातार चोरी की वारदातों से क्षेत्रवासी परेशान हैं। चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में रोष है। क्षेत्रवासी अपने स्तर पर भी नजर रख रहे थे। बुधवार रात को एक युवक को दो पानी की मोटर ले जाते हुए पकड़ लिया। यहां से चोरी की मोटर खरीदने वाले को भी पकड़ा। बाद में उनको पुलिस के हवाले कर दिया। दो मोटर ले जाते पकड़ा क्षेत्रवासियों के अनुसार- बुधवार रात करीब 10 बजे एक युवक को दो पानी की मोटर ले जाते हुए क्षेत्रवासियों ने पकड़ा। लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की तो मोटरों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद क्षेत्रवासियों को चोरी की मोटर होने का संदेह हुआ। पूछताछ की तो पता चला कि युवक द्वारा चोरी की गई पानी की मोटर को एक कबाड़ी के यहां बेचने का प्रयास किया गया था। क्षेत्रवासियों ने युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। क्षेत्रवासियों ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस पहुंची और युवक व कबाड़ी को थाने ले गई। पुलिस जांच में जुटी है।