अजमेर में सुबह से बादल छाए हैं, मौसम में ठंडक है। दोपहर को तेज धूप ने परेशान किया। रात को भी करीब 12 बजे तक बरसात हुई। जिससे सडकों पर पानी भर गया। आनासागर का जल स्तर 11 फीट एक इंच तक बढ़ गया है और पानी की निकासी जारी है। बीते चौबीस घंटों का मिनीमम तापमान 20.9 डिग्री रहा। जो पिछले दिनों से कम रहा। वहीं बीते 24 घंटों में शहर में 42.2 एमएम बरसात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज व कल भी बरसात की संभावना है। बारिश के दौरान कई स्थानों पर सीवरेज के ढक्कनों से भी पानी ओवरफ्लो रहा। शहर की कईं गलियों व सड़कों में भी पानी भरा। नगर निगम ने चार स्थानों पर मड पम्प लगाकर जल निकासी की व्यवस्था की। जेएलएनएच के गलियारों में भी बरसाती पानी भर गया। मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा। कल कई जगहों पर तेज बारिश हुई। रात को फिर मूसलाधार ने कई इलाकों में सड़कों को जलमग्न कर दिया। बारिश से दिन व रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। उमस व गर्मी से भी लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढे़ आठ बजे तक 42.2 एमएम बारिश दर्ज हुई। स्टेशन रोड, केसरगंज मार्टिंडल ब्रिज के नीचे, पृथ्वीराज मार्ग, कचहरी रोड, मेडिकल कॉलेज चौराहा, जयपुर रोड, कप्तान दुर्गा प्रसाद चौधरी मार्ग, पुष्कर रोड, माकड़‌वाली रोड पर पानी भरा। मदारगेट, दरगाह बाजार, नलाबाजार, कवंडसपुरा, पड़ाव, चूड़ी बाजार, नया बाजार में सड़कों पर कुछ देर के जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। सुनहरी कॉलोनी, धोलाभाटा, न्यू गोविंद नगर, रामगंज, लोहार बस्ती, भट्टा बस्ती, ज्ञानविहार कॉलोनी, गुलमोहर कॉलोनी, ईदगाह बस्ती, चौधरी कॉलोनी, जादूघर कॉलोनी, अशोक नगर, सुभाष नगर, खानपुरा, विज्ञाननगर, तोपदड़ा, हरिजन बस्ती, नाका मदार में कई गलियों में बरसात के दौरान पानी भर गया। जो कुछ देर बाद उतर गया।