अजमेर शहर में एक युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने रेप सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार युवती ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी एक युवक से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद युवक उसे घूमने के बहाने पुष्कर ले गया। वहां एक होटल में ठहरने के दौरान उसे कोल्ड ड्रिंक और खाने की चीजें दी गईं। 3 बच्चों के बाप ने धोखे से की युवती से शादी युवती का आरोप है कि इन्हें खाने के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसने खुद को होटल के कमरे में युवक के साथ बिना कपड़ों के पाया। विरोध करने पर युवक ने उससे प्रेम और शादी का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने बाद में स्टाम्प पेपर पर उससे शादी कर ली, जिसके बाद वह उसके साथ रहने लगी। करीब आठ माह की गर्भवती होने पर उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इस बारे में पूछने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। आरोपी ने कथित रूप से कहा कि उसने केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उससे शादी की थी। शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। विरोध करने पर आरोपी उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी देता था। देह व्यापार के लिए लिए मजबूर करता था युवक पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से आरोपी उससे पैसों की मांग कर रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर वह उसे देह व्यापार करने के लिए मजबूर करने लगा। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को परिवाद दिया। एसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।