बांसवाड़ा में शनिवार को एक युवक शराब के नशे में 33 केवी हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़ गया। घटना के दौरान ग्रामीणों में चिंता बनी रही और मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे लोगों ने बिजली सप्लाई बंद करवाई और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर एसडीएम के समक्ष पेश किया, जहां से 11 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। यह मामला बांसवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र के आकलेश्वर गांव का है। नशे में पोल के शिखर पर बैठा युवक जानकारी के अनुसार आकलेश्वर निवासी गौतम पुत्र रकमा शराब के नशे में अचानक 33 केवी हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़ गया और ऊपर जाकर बैठ गया। तारों के पास युवक को देखकर आसपास के लोग चिंतित हो गए। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया। ​प्रशासन और नेताओं की सक्रियता: घटना की सूचना मिलते ही पूर्व लोकसभा सांसद प्रत्याशी अरविंद सीता डामोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासन को सूचना देकर क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद डामोर ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। ​अरविंद डामोर बताया, सूचना मिली कि गौतम नामक व्यक्ति शराब के नशे में 33 केवी की लाइन पर चढ़ गया है। हमने तुरंत प्रशासन को सूचित किया और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। 11 दिन के लिए जेल भेजा ​कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिशनोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद युवक को पोल से नीचे उतारा। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर एसडीएम के समक्ष पेश किया, जहां से उसे 11 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है। समय रहते टला हादसा बिजली समय पर बंद कर दी गई, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई। यदि सप्लाई चालू रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था।