राज्य सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत करौली जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना का तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर अक्षय गोदारा को करौली का नया जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जारी आदेशों के अनुसार अक्षय गोदारा इससे पहले बूंदी में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थे। वहीं, नीलाभ सक्सेना को जयपुर में आयुक्त उद्योग वाणिज्य एवं कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ आयुक्त, नियोजन एवं प्रवासी भारतीय निवेश संवर्धन ब्यूरो की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये तबादला आदेश संयुक्त शासन सचिव ने जारी किए हैं। नीलाभ सक्सेना ने करौली में 2 साल से अधिक समय तक जिला कलेक्टर के पद पर कार्य किया। अपने कार्यकाल के दौरान सक्सेना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई थी। अब नए कलेक्टर अक्षय गोदारा के नेतृत्व में जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।