अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र स्थित धोली दूब में चिराग वाटिका के पीछे स्थित एक प्लॉट पर कब्जे का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस में एएसआई पद पर कार्यरत एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने उनके प्लॉट की बाउंड्री तोड़कर करीब 5 फीट अंदर तक कब्जा कर लिया और नई दीवार खड़ी कर दी। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विजय मंदिर थाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद सोमवार को वह अपनी शिकायत लेकर एएसपी ग्रामीण प्रियंका रघुवंशी के ऑफिस पहुंचे। हालांकि, पीड़ित की एएसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। पड़ोसियों ने दीवार तोड़कर 5 फीट अंदर तक कब्जा किया पीड़ित एएसआई ने बताया कि वह मुंडावर तहसील के नांगल उदिया गांव का निवासी है। वर्तमान में दिल्ली के द्वारका थाने में एएसआई के पद पर कार्यरत है। उन्होंने अगस्त 2014 में धोली दूब स्थित चिराग वाटिका के पीछे 163 वर्गगज का प्लॉट खरीदा था, जिसकी चारों ओर बाउंड्री बनी हुई थी। वह समय-समय पर प्लॉट देखने आते थे। जून में जब प्लॉट देखने गया तो एक तरफ की बाउंड्री टूटी मिली। पड़ोसी ने प्लॉट की दीवार तोड़कर करीब 5 फीट अंदर तक 6 फीट ऊंची दीवार बनाई हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज, रघुवीर और शब्बीर अहमद ने मिलकर यह कब्जा किया है। एएसआई का कहना है कि यह अतिक्रमण और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला है, इसलिए पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच करनी चाहिए थी। वहीं विजय मंदिर थाना प्रभारी प्रेमलता वर्मा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को रिपोर्ट दर्ज कराने से मना नहीं किया गया। उन्हें केवल यह सलाह दी गई थी कि भूमि संबंधी विवाद होने के कारण तहसीलदार से भी संपर्क करें। यदि परिवादी लिखित रिपोर्ट देता है तो नियमानुसार मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।