अलवर की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) टीम ने मंगलवार को अरावली विहार थाने में तैनात एएसआई शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से बचाने की एवज में 25 हजार रुपए मांगे थे। 15 हजार रुपए पहले दे चुका था। ट्रैप की कार्रवाई के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी के डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि 13 जुलाई को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे के खिलाफ अरावली विहार थाने में मारपीट का मामला दर्ज है, जिसकी जांच एएसआई शंकर लाल शर्मा कर रहे हैं। 15 हजार रुपए की राशि पहले ही ले चुका था आरोपी आरोप है कि एएसआई ने बेटे को गिरफ्तार नहीं करने, थाने लाकर मारपीट नहीं करने और मुकदमे में सहयोग करने के बदले 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इनमें से 5 हजार रुपए पहले ही ले चुके थे। शिकायत का सत्यापन कराने के दौरान एएसआई ने 10 हजार रुपए और ले लिए। डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि फिर शेष 10 हजार रुपए लेने के लिए मंगलवार शाम करीब 4 बजे परिवादी को भूगोर तिराहे के पास एक रेस्टोरेंट पर बुलाया। यहां पर पहले से जाल बिछाकर बैठी एसीबी टीम ने जैसे ही एएसआई ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।