अलवर जिले के एथलीट शकील ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया। चीन के ओरदोस शहर में आयोजित अंडर-23 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शकील ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) जीता। उन्होंने 800 मीटर दौड़ को 1 मिनट 48.78 सेकेंड में पूरा किया। यह शकील का लगातार दूसरा एशियाई पदक है, जिससे उन्होंने साबित कर दिया कि उनकी पुरानी कामयाबी कोई इत्तेफाक नहीं थी। इससे पहले भी वे चीन में ही आयोजित अंडर-18 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके हैं। खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न जिला एथलेटिक्स संघ (अलवर) के सचिव धारा यादव ने बताया- शकील की ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी है। खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने मैदान पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। अलवर पहुंचने पर निकलेगा विजय जुलूस सचिव धारा यादव ने बताया- मेडलवीर शकील के अलवर लौटने पर जिला एथलेटिक्स संघ और खेल प्रेमियों द्वारा उनका ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। शकील के अभिनंदन में डीजे, फूल-मालाओं के साथ शहर में स्वागत जुलूस निकाला जाएगा। इस खुशी के मौके पर जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा, अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स कोच प्रताप सिंह, जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष पुलकित जैन, कैप्टन उमराव लाल सैनी, पन्नालाल सैनी, कोच अरविंद मीणा, दिनेश दहिया, शौकत खान, यूसुफ, भूपेंद्र और यासीन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।