अलवर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार, 31 अक्टूबर को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पैदल मार्च (पैदल यात्रा) निकाला जाएगा। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इसमें केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत दोपहर 2:30 बजे रिवाज रिसोर्ट में सभी कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। यहां से केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता के नेतृत्व में पैदल मार्च शुरू होगा। यह मार्च शहीद स्मारक तक निकाला जाएगा। शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि शहीद स्मारक पहुंचने के बाद सभी नेता और कार्यकर्ता शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद यहां सभा आयोजित की जाएगी, जिसे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य नेता संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याशी, महापौर, उपमहापौर, पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।