कोरोना के समय फैक्ट्री में घाटा लगने के बाद चेक के जरिए ली करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपए नहीं लौटाए तो आरोपी को पुलिस ने देहरादून से अरेस्ट किया है। एनआई एक्ट के तहत पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अलवर शहर के स्कीम 8 निवासी संदीप शर्मा को अरेस्ट किया है। जिसके खिलाफ 14 स्थाई और दो गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके थे। थानाधिकारी रामेश्वर दयाल चौधरी ने बताया कि संदीप शर्मा उद्योग नगर में फैक्ट्री चलाता था, जिसनें फैक्ट्री में नुकसान होने पर लोगों से करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपए उधार लिया था। ऋण लेते समय संदीप शर्मा ने लोगों को बैंक चैक दिए थे। पैसा नहीं देने पर चैक बाउंस हो गए। इसके बाद न्यायालय में दावे चलने लगे। अब उनके खिलाफ 14 स्थाई और दो गिरफ्तारी वारंट आने पर देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी देहरादून में किराए पर फ्लैट में रहता था। वहां प्रॉपर्टी किराए पर दिलाने का काम कर रहा था। अरावली विहार थाना पुलिस संदीप शर्मा की तलाश में थी। पुलिस टीम देहरादून में जाकर किराए पर मकान के लिए संदीप से संपर्क किया। उसके बाद उसे अरेस्ट कर लिया गया।