राजस्थान के बड़े बिजनेसमैन अलवर शहर निवासी विजय डाटा के बेटे-बहू ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। बेटे सौरभ डाटा ने अपनी पत्नी शिखा डाटा के खिलाफ कोतवाली थाने में जबरन घर में घुसने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं सौरभ डाटा की पत्नी शिखा ने आईजी राहुल प्रकाश व अलवर एसपी सुधीर चौधरी को शिकायत दी कि उसे खुद के घर में आने-जाने से रोकने की शिकायत की। शिखा ने वीडियो जारी कर घर में हो रही परेशानी को सामने रखा। 2010 में हुई थी शादी, अनबन के बाद गुरुग्राम किया था शिफ्ट बिजनेसमैन के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी शादी साल 2010 में शिखा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी थी। साल 2019 में बेटी आनंदा के जन्म के बाद शिखा का व्यवहार और ज्यादा खराब हो गया। वह लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी। पत्नी के इस दुर्व्यवहार से परेशान होकर 2021 में शिखा और बेटी को गुरुग्राम के एक फ्लैट में शिफ्ट कर दिया था। उसका कारोबार अलवर में होने के कारण वह सप्ताह में 4 दिन अलवर और 3 दिन गुरुग्राम रहते थे। 2025 में लगाई थी तलाक की अर्जी, फिर ली वापस सौरभ के मुताबिक- गुरुग्राम शिफ्ट करने के बाद भी शिखा के बर्ताव में कोई बदलाव नहीं आया। इससे तंग आकर उन्होंने पिछले साल 2025 में अलवर फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने यह सोचकर केस वापस ले लिया कि शायद पत्नी के व्यवहार में सुधार आ जाए लेकिन स्थितियां वैसी ही रहीं। इसके बाद सौरभ केवल बेटी से मिलने गुरुग्राम जाने लगे। कार की डिग्गी में छिपकर आई पत्नी, नौकरों से की बदसलूकी पीड़ित पति ने शिकायत में हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया- 4 जून 2026 को शिखा अलवर आई और जबरन घर में घुसने के लिए सौरभ के माता-पिता से झगड़ा कर चली गई। इसके बाद सौरभ ने पुलिस को शिकायत देकर शिखा को पाबंद करने की मांग की थी। 13 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10:36 बजे हरियाणा नंबर की एक इनोवा कार घर के गेट पर आकर रुकी। कार में शिखा की बहन की सास अंजू गुप्ता और उनकी मेड बैठी थीं, जिसके कारण गार्ड ने गेट खोल दिया। जैसे ही कार अंदर रुकी, शिखा गाड़ी की डिग्गी से बाहर निकल आई। एसपी से की गई मारपीट की शिकायत झूठी सौरभ का आरोप है कि घर में जबरन घुसने के बाद शिखा ने खुद घर के वीडियो बनाए और कई लोगों को भेज दिए। इसके बाद शिखा ने अलवर एसपी को सौरभ के खिलाफ मारपीट की झूठी शिकायत दी है, जो पूरी तरह मनगढ़ंत है। सौरभ की पत्नी ने आइजी और एसपी को दी शिकायत सौरभ की पत्नी शिखा डाटा का कहना है कि वह दो दिन से अलवर में हैं। उसे और उसकी मेड को शारीरिक प्रताड़ित किया जा रहा है। कंपनी के एसके पारीक व कुछ अन्य स्टाफ भी उल्टी सीधी सलाह से उनके पति यह सब कर रहे हैं। मंगलवार रात को हमारी लाइट बंद कर दी। रसोई गैस का कनेक्शन काट दिया गया। पुलिस भी दो दिन से घर आ रही है, जिनको भी मौखिक शिकायत दी है। बाद में आईजी व एसपी को शिकायत दी है। मेरा व पति के बीच छोटी मोटी बात का ही झगड़ा है। जैसे पति-पत्नी के बीच रहता है। अब यह सब क्यों हो रहा है। मुझे पता नहीं है।