अलवर शहर के रहने वाले बिजनेसमैन विजय डाटा के बेटे-बहू ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। बेटे सौरभ डाटा ने पत्नी शिखा डाटा के खिलाफ कोतवाली थाने में जबरन घर में घुसने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं, सौरभ डाटा की पत्नी शिखा ने आईजी राहुल प्रकाश और अलवर एसपी सुधीर चौधरी को खुद के घर में आने-जाने से रोकने की शिकायत दी। शिखा ने वीडियो जारी कर घर में हो रही परेशानी सामने रखी। 2010 में हुई थी शादी, अनबन के बाद गुरुग्राम किया था शिफ्ट बिजनेसमैन के बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मेरी शादी साल 2010 में शिखा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी थी। साल 2019 में बेटी आनंदा के जन्म के बाद शिखा का व्यवहार और ज्यादा खराब हो गया। वह लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी। पत्नी के इस दुर्व्यवहार से परेशान होकर 2021 में शिखा और बेटी को गुरुग्राम के एक फ्लैट में शिफ्ट कर दिया था। मेरा कारोबार अलवर में होने के कारण मैं सप्ताह में 4 दिन अलवर और 3 दिन गुरुग्राम रहता था। 2025 में लगाई थी तलाक की अर्जी, फिर वापस ली सौरभ के मुताबिक- गुरुग्राम शिफ्ट करने के बाद भी शिखा के बर्ताव में कोई बदलाव नहीं आया। इससे तंग आकर मैंने साल 2025 में अलवर फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। हालांकि, कुछ समय बाद मैंने यह सोचकर केस वापस ले लिया कि शायद पत्नी के व्यवहार में सुधार आ जाए, लेकिन स्थितियां वैसी ही रहीं। इसके बाद मैं केवल बेटी से मिलने गुरुग्राम जाना था। 1 महीने पहले माता-पिता से झगड़ा किया था सौरभ डाटा ने हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया- 4 जून 2026 को शिखा अलवर आई और जबरन घर में घुसने की कोशिश की। इस दौरान मेरे माता-पिता से झगड़ा भी किया था। इसके बाद मैंने पुलिस को शिकायत देकर शिखा को पाबंद करने की मांग की थी। एसपी से मारपीट की शिकायत झूठी की सौरभ ने आरोप लगाया कि घर में जबरन घुसने के बाद शिखा ने खुद घर के वीडियो बनाए और कई लोगों को भेज दिए। इसके बाद शिखा ने अलवर एसपी को मेरे खिलाफ मारपीट की झूठी शिकायत दी, जो पूरी तरह मनगढ़ंत है। सौरभ की पत्नी ने आईजी और एसपी को दी शिकायत वहीं, सौरभ की पत्नी शिखा डाटा का कहना है कि मैं दो दिन से अलवर में हूं। मुझे और मेरी नौकरानी को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मंगलवार रात को मेरे कमरे की लाइट बंद कर दी और रसोई गैस का कनेक्शन भी काट दिया। शिखा ने बताया- पुलिस 2 दिन से घर आ रही है, जिनको भी मौखिक शिकायत दी। बाद में आईजी और एसपी को शिकायत दी है। मेरे और पति सौरभ के बीच छोटी-मोटी बात का झगड़ा है, जैसे पति-पत्नी के बीच रहता है। अब यह सब क्यों हो रहा है, मुझे पता नहीं है। दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज मामले को लेकर अलवर कोतवाली थाना के थानाधिकारी दिनेश चंद ने कहा- दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। डाटा परिवार का तेल और घी बनाने का बिजनेस डाटा परिवार का खाद्य तेल और वनस्पति घी बनाने का बिजनेस है। इस समूह की प्रमुख कंपनी विजय सॉल्वेक्स लिमिटेड है, जो देश भर में अपने स्कूटर और ओलिगो ब्रांड के नाम से जानी जाती है।