अलवर जिले के माचाड़ी सड़क मार्ग पर स्थित झरना पर्यटन स्थल के समीप एक चलती चौपहिया वाहन में अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। हादसे में वाहन चालक रैणी क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी सत्यनारायण मीना झुलस गए, जिन्हें तुरंत राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। देखे PHOTOS… सत्यनारायण मीना ने बताया की वो अपनी कार से बहादुरपुर गांव से राजगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी के डैशबोर्ड से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान वह झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।घायल चालक को तत्काल राजगढ़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।