टोंक जिले के निवाई से किडनैप हुए 20 साल के युवक को पुलिस ने महज 11 घंटे में बरामद कर लिया है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की सरूंड थाना पुलिस ने युवक को कोटपूतली के डाबला रोड स्थित पुलिया के पास से दस्तयाब कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवक का किडनैप कर उसके पिता से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह ने बताया- 24 जुलाई की सुबह 3:20 मिनट टोंक जिले के निवाई थाना क्षेत्र के कोटा हाईवे पर स्थित ललवाड़ी चौराहे से महेश (20) पुत्र राजाराम निवासी दत्तवास का स्कॉर्पियो सवार 5 बदमाशों ने अपहरण कर लिया। निवाई पुलिस ने सरुंड पुलिस को दिया इनपुट शुक्रवार दोपहर 1 बजे निवाई डीएसपी रवि शर्मा ने सरुंड एसएचओ को फोन पर बताया कि स्कॉर्पियो की लोकेशन पाटन के पास मिल रही है। गाड़ी कोटपूतली की ओर जा रही है। इस पर सरुंड पुलिस ने टोल पर नाकाबंदी की। मगर स्कॉर्पियो सवार 1:30 बजे बदमाश नाकाबंदी तोड़कर कोटपूतली की ओर से निकल गए। ट्रैफिक पुलिस ने लगाया जाम इनपुट मिलने के बाद कोटपूतली चौराहे पर तैनात पुलिस ने ट्रैफिक रोककर जाम लगा दिया। दोपहर 2:10 बजे पुलिया के पास जाम लगा देखकर स्कॉर्पियो सवार बदमाश पीड़ित महेश को गाड़ी में छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस ने 3 किलोमीटर पीछा कर नवरंगपुरा से दो बदमाशों को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान आशीष मीणा और आदित्य के रूप में हुई है। स्टूडियो के पास से किया किडनैप पुलिस ने बताया-महेश एक यूट्यूब चैनल चलाता है। शुक्रवार सुबह 3 बजकर 20 मिनट पर वह ललवाड़ी चौराहे के पास स्थित अपने स्टूडियों से घर जाने के लिए निकला था। इस दौरान स्कॉर्पियों में आए बदमाश उसे किडनैप करके ले गए। इस दौरान एक बदमाश ने अपनी बाइक को पास ही स्थित दुकानों के बाहर खड़ा कर दिया। युवक के किडनैप के बाद बदमाश भी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। महेश यूट्यूब चैनल के लिए म्यूजिक वीडियो रिकॉर्ड करता था। दिन में शोर होने की वजह से अक्सर रात में वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। इसके चलते वह कई बार रात में देर से निकलता था। एसपी सतवीर सिंह ने बताया- दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन बदमाशों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। निवाई पुलिस को सूचना दे दी गई है। … यह खबर भी पढ़ें जोधपुर में दिनदहाड़े युवक का किडनैप-VIDEO:बदमाशों ने सड़क पर रैकी की, फिर गाड़ी में पटककर लेकर गए; पुलिस ने की नाकाबंदी जोधपुर शहर में आज सुबह करीब 11:15 बजे युवक का किडनैप कर लिया गया। चार-पांच कार सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और युवक को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)