अलवर में अचानक एक चलती कार में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। ड्राइवर समय रहते कार की खिड़की से कूद गया और अपनी जान बचाई। हालांकि, ड्राइवर झुलस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से ड्राइवर को तुरंत राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना माचाड़ी सड़क मार्ग स्थित झरना पर्यटन स्थल के पास मंगलवार दोपहर 1 बजे की है। कार ड्राइवर सत्यनारायण मीना, जो रैणी क्षेत्र के बहादुरपुर के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये 3 PHOTOS बहादुरपुर गांव से राजगढ़ की ओर जा रहा था कार ड्राइवर झुलसी हालत में सत्यनारायण मीना ने बताया कि वो अपनी कार से बहादुरपुर गांव से राजगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी के डैशबोर्ड से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थिति को भांपते हुए उसने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान वह झुलस गया। ड्राइवर को झुलसी हालत में तत्काल राजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है।