अलवर जिला हॉस्पिटल की सेंट्रल लैब इन दिनों बेहद जर्जर हालत में पहुंच चुकी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लैब की दीवारों में गहरी दरार पड़ चुकी हैं और करीब 90 प्रतिशत टाइल्स उखड़ चुकी हैं। कई जगहों पर प्लास्टर गिर चुका है और ईंटें बाहर दिखाई देने लगी हैं, जिससे यहां काम कर रहे कर्मचारियों और जांच के लिए आने वाले मरीजों में डर का माहौल बना हुआ है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते इस खतरनाक स्थिति का समाधान किया जाएगा। छत पर साइड की दीवार टूटी बता दें कि इस सेंट्रल लैब का उद्घाटन 6 अप्रैल 2013 को हुआ था। समय के साथ इसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। पिछले कई सालों से बिल्डिंग में दरार बढ़ रही हैं। अब हालत यह है कि पीछे की तरफ से बिल्डिंग फटती नजर आ रही है। ऊपर छत पर भी साइड की दीवार टूट गई हैं। PWD ने बजट को लेकर नहीं दिया जवाब हॉस्पिटल प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को मेंटेनेंस कार्य के लिए कई बार पत्र लिखे हैं, ताकि मरम्मत का बजट तैयार कर पास कराया जा सकें। एक साल में तीन बार पत्र भेजने के बावजूद PWD की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला है, जिससे काम अटका हुआ है। जांच करवाने आए मरीज प्रेमचंद मीणा ने कहा कि वे इलाज के लिए तो आए हैं लेकिन लैब की हालत देखकर डर लग रहा है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। पीएमओ बोले- लैब को शिफ्ट करना संभव नहीं पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि फिलहाल लैब को शिफ्ट करना संभव नहीं है, क्योंकि हॉस्पिटल में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल लैब में पैथोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री की मशीनें बेहद संवेदनशील होती हैं, जिन पर धूल का असर पड़ सकता है, इसलिए बिना उचित व्यवस्था के शिफ्टिंग करना जोखिम भरा है। उन्होंने बताया कि PWD को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। इस सेंट्रल लैब में हर दिन सैकड़ों मरीज जांच के लिए पहुंचते हैं, जिनकी सुरक्षा अब सवालों के घेरे में है। सफाई कर्मचारी के अनुसार- सफाई के दौरान दीवारों से लगातार मलबा झड़ता रहता है।