अलवर में बुधवार सुबह से चारों ओर घने बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में हल्की फुहारों और रिमझिम बारिश का दौर जारी है, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पिछले दो दिनों की तुलना में बुधवार सुबह मौसम काफी ठंडा रहा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक रहेगा भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 जुलाई तक जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 11 से 13 जुलाई तक मौसम सामान्य रहने और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश मंगलवार को भी सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जिसका असर बुधवार सुबह भी देखने को मिला। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी इस बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके किसानों को राहत मिली है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार को फायदा होगा। यदि बुधवार शाम तक भी इसी तरह बारिश का दौर जारी रहा तो जिले के कई मौसमी नाले और झरने बहने लग सकते हैं। सुहाने मौसम के कारण पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।