अलवर कलेक्टर ने मंगलवार को सरकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के लिए ग्राम रथ रवाना किए। इससे पहले भपंग की धुन में गीत सुना। भपंग कलाकारों ने,,,हम तो गांव गांव से आए हैं, जन कल्याणी योजना लाए हैं,,,,एक स्कीम ऐसी खुशियों की आस, पेंशन बढ़कर कर दी तेहरै सौ पचास,,,,गीत गुनगुनाए। उसके बाद 5 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 5 ग्राम रथ रवाना किए। जिनको अलवर कलेक्टर डॉ अर्तिका शुक्ला ने हरी झंडी दिखा रवाना किया। इसके बाद अलवर कलेक्टर ने बताया कि विकसित भारत ग्राम रथ 15 दिनों तक अलग-अलग जगहों पर रुक-रुक कर 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी देंगे। ये रथ जहां जाएंगे वहां के एसडीएम व तहसीलदार रिसीव करेंगे। जहां रुकेंगे वहां संध्या चौपाल होगी। इनके जरिए सरकार की योजनाओं को आमजन तक लेकर जाना है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। अलवर जिले के अलवर ग्रामीण, रामगढ़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, कठूमर और थानागाजी क्षेत्र में अलग-अलग ग्राम रथ भेजे गए हैं। विकास रथों के माध्यम से लोगों को ऑडियो-वीडियो, पोस्टर और प्रचार सामग्री के जरिए योजनाओं, उपलब्धियों और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मिनी सचिवालय में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन भी मौजूद रहे। इस मौके पर पतंगबाजी भी हुई। कलेक्टर आर्तिका शुक्ला का मानना है कि यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करेगी।