अलवर में शादी के महज छह दिन बाद दहेज की मांग और घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है। नांगल हीरा गांव निवासी सोनिया ने अपने पति हरबंश लाल के खिलाफ इस्तगासे के जरिए सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। महिला ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 23 अप्रैल 2026 को अलवर कोर्ट परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में रहने लगी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद पति का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि पति रोज शराब पीकर घर आता था, उसके साथ मारपीट करता था, गाली-गलौज करता था और कई बार उसे घर में बंद कर देता था। इतना ही नहीं, खाने-पीने का सामान भी नहीं लाता था और खुद बाहर खाना खाकर आ जाता था। समझाने पर साथ रखने का भरोसा दिया महिला का कहना है कि उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी बुआ और गांव के लोगों ने पति को समझाया, जिस पर उसने आगे ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया। लेकिन कुछ दिन बाद फिर उसने शराब के नशे में महिला के साथ मारपीट की। बुलेट बाइक दिलाओ, तब घर में रहने दूंगा आरोप है कि लाठी से हमला करने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद उसे घर से निकालते हुए कहा कि पहले अपने भाई और भुआ से बुलेट मोटरसाइकिल दिलाकर लाओ, तभी घर में रहने दिया जाएगा। 15 जून को हुई थी पंचायत महिला का आरोप है कि समाज के लोगों ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। 15 जून को भी पंचायत हुई, लेकिन पति ने साफ कह दिया कि जब तक बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलेगी, वह पत्नी को अपने साथ नहीं रखेगा,पुलिस पूरे मामले के जांच कर रही हैं।