अलवर शहर में तिजारा फाटक के पास शिव कॉलोनी और आसपास 95 लाख रुपए की लागत से बन रही नाली तीसरी बार ढह गई। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिले से दो मंत्री होने के बावजूद विकास कार्यों में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र और राज्य सरकार के मंत्रियों सहित नगर निगम कमिश्नर के मुंह पर काली पट्टी लगे पोस्टर चस्पा किए और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने निर्माण कार्य को लेकर जारी जी शिड्यूल की कॉपी भी घरों पर चस्पा की। आमजन को समझाया कि किस तरह का निर्माण कार्य मौके पर किया जाना चाहिए था, जो नहीं हुआ है। पहले देखिए, विरोध प्रदर्शन से जुड़ी 3 PHOTO'S सरकार के दो मंत्री होने के बावजूद हो रहा भ्रष्टाचार कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष रमन सैनी और अंकित गुप्ता ने कहा कि अलवर के सांसद भूपेंद्र यादव और शहर विधायक संजय शर्मा दोनों केंद्र और राज्य सरकार में मंत्री हैं। उनके क्षेत्र में इतना घटिया निर्माण भ्रष्टाचार को उजागर कर रहा है। लेकिन मंत्रियों की जवाबदेही कमजोर होने के कारण अफसर और ठेकेदार मिलकर जनता के पैसे को लूट रहे हैं। उल्टा लोगों को सहूलियत मिलने की बजाय उनके परेशानी झेलनी पड़ रही है। मनमर्जी पर उतरा ठेकेदार शिव कॉलोनी के रहने वाले रामजीलाल ने कहा कि नाली अधूरी और घटिया बना रहे हैं। पानी की निकासी रुक गई है। घरों में दरारें आने लगी हैं। गंदगी और बदबू बढ़ने लगी है। कोई सुनने वाला नहीं है। ठेकेदार मनमर्जी करने पर तुला है। कांग्रेस नेता दीनबंधु शर्मा ने कहा कि बीजेपी के राज में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया। कोई किसी की नहीं सुन रहा है। इतना घटिया निर्माण हो रहा है कि आगे बड़ा नुकसान हो सकता है। जी-शिड्यूल की कॉपी चिपकाकर पूछा- 'कहां गया जनता का पैसा?' विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्माण कार्य को लेकर जारी सरकारी जी-शिड्यूल (G-Schedule) की कॉपी को मौके पर ही दीवार पर चस्पा कर दिया। कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष रमन सैनी और अंकित गुप्ता और कांग्रेस नेता दीनबंधु शर्मा ने आरोप लगाया कि बीजेपी के राज में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। अधिकारी और ठेकेदार बेलगाम हो चुके हैं। इतना घटिया निर्माण आगे किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। ----------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… नाली निर्माण में लापरवाही, बारिश में ढह गई:लोग का आरोप- रोड़ी-सरिए की जगह लगाई ईंट; पार्षद बोले- 95 लाख रुपए के काम में हुआ भ्रष्टाचार अलवर के नगर निगम की ओर से कराए गए काम में बड़ी लापरवाही दिखी। निगम ने अलग-अलग काम के लिए ठेकेदार को 2 करोड़ रुपए का ठेका दिया। इसमें 95 लाख रुपए में तिजारा फाटक के पास शिव कॉलोनी में नाली का निर्माण चल रहा है। जानकारी के अनुसार हाल ही आई हल्की बारिश में तैयार नाली का बड़ा हिस्सा ढह गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने निर्माण में भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। (पूरी खबर पढ़ें…)