अलवर में करीब ढाई हजार रुपए को लेकर गुरुवार सुबह दो पक्षों में लाठी-सरिए चल गए। हमले में एक परिवार के चार जनों के सिर फूट गए, जिन्हें जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मामला सदर थाना क्षेत्र के भूगोर गांव का है। जानकारी अनुसार- भूगोर निवासी राजेश कुमावत बुधवार रात अपने पड़ोसी अशोक कुमावत के पास मजदूरी के करीब ढाई हजार रुपए लेने गया था। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और अशोक कुमावत व उसके परिजनों ने राजेश के साथ मारपीट कर दी। आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया लेकिन आज सुबह मामला वापस भड़क गया। बाहरी लोगों को बुलाकर करवाया हमला आरोप है कि अशोक कुमावत ने बाहरी लोगों को बुलाकर राजेश के परिवार पर लाठी और लोहे की रॉड से हमला करवा दिया। हमले में राजेश, विक्रम कुमावत, सोमवती, अशोक और भवानी सहित करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। चार जनों के सिर फोड़ दिए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।