अलवर शहर में सिर्फ 8 फीट चौड़ी संकरी गली में अवैध पटाखों का भंडारण मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार देर रात को कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से पटाखों से भरा एक कट्टा और दो कार्टन जब्त किए। इलाके में इन संकरी गलियों में आसपास के अन्य गोदामों में भी पटाखे रखे होने की जानकारी सामने आई है। मामला अलवर शहर की आटे वाली गली का है, जहां की गलियां बेहद संकरी हैं। ऐसे में यहां पटाखों का भंडारण आगजनी की स्थिति में बड़े हादसे का कारण बन सकता है। पुलिस को गश्त के दौरान पटाखों का मिला स्टॉक कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि पुलिस टीम देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आटे वाली गली में एक युवक पटाखों का भंडारण कर उनका कारोबार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि इस दौरान ऋषि कुमार निवासी आटे वाली गली के कब्जे से पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आग लगने पर दमकल पहुंचने में हो सकती है परेशानी आटे वाली गली करीब 8 फीट चौड़ी है। ऐसे में यहां आग लगने जैसी घटना होने पर दमकल की गाड़ी को अंदर तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। पटाखों के स्टॉक से आग फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। गली में अन्य बड़े गोदामों में पटाखे होने की आशंका स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में अन्य बड़े गोदामों में भी पटाखे रखे होने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गली में लगातार जांच और दबिश देकर अन्य स्थानों पर भी पटाखों के भंडारण की पड़ताल करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पटाखों का स्टॉक कब से किया जा रहा था और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। बता दें कि 4 जून 2026 को जयपुर के खोह नागोरियान थाना इलाके में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई थी। जिसमें दो भाइयों समेत 8 लोगों की मौत हो गई थी।…..पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…