दीपावली से पहले ही शहर में पटाखों की बिक्री का कारोबार जारी है। कोतवाली थाना पुलिस ने बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बम, फुलझड़ियां, ग्राउंड चक्कर और शॉर्ट पटाखों सहित 87 पैकेट आतिशबाजी सामग्री जब्त की है। आरोपी दुकान के बाहर पटाखे रखकर बेच रहा था। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को एएसआई हीरालाल पुलिस जाप्ते के साथ इलाके में गश्त और चेकिंग कर रहे थे। शाम करीब 5 बजे घंटाघर के पास मुखबिर से सूचना मिली कि श्योलालपुरा मोहल्ले में एक व्यक्ति पटाखे बेच रहा है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक दुकान के बाहर पटाखे रखकर बेचता मिला। पुलिस को देखकर वह पटाखे छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान साहिल (29) पुत्र स्व. वीरेंद्र कुमार जैन निवासी ए-1/607 गणपति टावर, 200 फुट रोड अलवर के रूप में हुई। पुलिस ने उससे पटाखे बेचने और रखने का लाइसेंस व परमिट मांगा तो वह पेश नहीं कर सका। ये पटाखे किए जब्त पुलिस ने मौके से गोल्डन स्टार फ्लावर पॉट के 3 पैकेट, ज्योति स्पेशल बम के 52 पैकेट, मुर्गाछाप बुलेट पटाखे के 24 पैकेट, नीलू कलर स्पार्कर फुलझड़ी के 3 पैकेट, ग्राउंड चक्कर अशोका के 2 पैकेट, नाइट क्वीन 30 शॉट का 1 पैकेट और जॉय 25 शॉट के 2 पैकेट जब्त किए हैं।