अलवर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन इसके बाद तेज धूप निकलने से गर्मी अचानक बढ़ गई। इस उतार-चढ़ाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक सुबह आंशिक बादल रहेंगे, जबकि शाम या रात तक आसमान पूरी तरह बादलों से घिर सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। जिला अस्पताल में गर्मी से राहत के लिए ग्रीन नेट लगाकर छांव की व्यवस्था की गई है, लेकिन हवा नहीं चलने से मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही। हालात ऐसे हैं कि मरीजों के परिजन उन्हें तोलियों से हवा करते नजर आ रहे हैं। सीटी स्कैन रूम के बाहर गैलरी में स्ट्रेचर पर पड़े मरीजों को भी भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि वहां पंखों की व्यवस्था नहीं है। शहर में भी लोग धूप से बचने के लिए छांव तलाशते दिख रहे हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम की टीमें सड़कों पर पानी का छिड़काव कर रही हैं ताकि तापमान में कुछ राहत मिल सके। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। फिलहाल अलवर में पारा 41 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।