हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित अभिनेता-निर्देशक जोड़ियों में शामिल सनी देओल और राजकुमार संतोषी करीब 30 साल बाद एक बार फिर साथ आ रहे हैं। दोनों की फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर 29 जुलाई को जयपुर के ऐतिहासिक राजमंदिर सिनेमा में दिखाया जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म के देशव्यापी प्रमोशन की शुरुआत भी जयपुर से होगी। ट्रेलर लॉन्च के लिए सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी प्राइवेट चार्टर विमान से जयपुर पहुंचेंगे। इस दौरान सनी देओल के बेटे करन देओल भी साथ रहेंगे। इससे पहले सनी देओल अपनी फिल्मों 'गदर-2' और 'जाट' के प्रमोशन के लिए भी जयपुर आए थे, जहां उन्हें देखने के लिए हजारों प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। उसी उत्साह को देखते हुए फिल्म की टीम ने इस बार भी अपने प्रचार अभियान की शुरुआत जयपुर से करने का निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में फिलहाल सनी देओल और राजकुमार संतोषी की उपस्थिति तय मानी जा रही है। वहीं, फिल्म के निर्माता आमिर खान और अभिनेत्री प्रीति जिंटा के जयपुर आने की भी चर्चा है, हालांकि उनकी मौजूदगी को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तीन दशक बाद फिर साथ आएगी सुपरहिट जोड़ी 'बंटवारा 1947' केवल एक ऐतिहासिक फिल्म नहीं, बल्कि सनी देओल और राजकुमार संतोषी की उस सफल जोड़ी की वापसी भी है, जिसने 90 के दशक में बॉलीवुड को यादगार फिल्में दीं। साल 1990 में आई 'घायल' ने सनी देओल को राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाया और राजकुमार संतोषी को देश के सबसे प्रतिभाशाली निर्देशकों की कतार में खड़ा कर दिया। इसके बाद 'दामिनी' में सनी देओल का ‘तारीख पे तारीख...’ वाला संवाद आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित संवादों में गिना जाता है। वर्ष 1996 में आई 'घातक' ने भी दोनों की जोड़ी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इन फिल्मों ने एक्शन, भावनाओं और सामाजिक सरोकारों का ऐसा संतुलन पेश किया, जिसने दर्शकों के दिलों में स्थायी जगह बनाई। इसके बाद दोनों लंबे समय तक किसी फिल्म में साथ नजर नहीं आए। अब लगभग तीन दशक बाद 'बंटवारा 1947' के जरिए यह प्रतिष्ठित जोड़ी फिर एक साथ काम कर रही है, जिसे लेकर फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह है। बंटवारे के दर्द और इंसानियत की कहानी आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी 'बंटवारा 1947' का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी है, जिसमें बंटवारे के दौरान बिछड़ते परिवारों, टूटते रिश्तों, प्रेम, त्याग, साहस और इंसानियत के संघर्ष को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म केवल इतिहास नहीं दोहराएगी, बल्कि उस दौर के मानवीय पक्ष को भी सामने लाएगी। दमदार स्टारकास्ट और संगीत फिल्म में सनी देओल, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अर्पणा पुरोहित ने किया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता पहले से ही बनी हुई है। अब तक जारी दोनों टीजर इसकी भावनात्मक कहानी की झलक दिखा चुके हैं। मां को समर्पित की फिल्म ट्रेलर रिलीज से पहले सनी देओल ने अपनी मां प्रकाश कौर के साथ सोशल मीडिया पर एक भावुक तस्वीर साझा करते हुए फिल्म को दुनिया की सभी माताओं को समर्पित किया। उन्होंने लिखा कि मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। 'बंटवारा 1947' मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं। हमें बेहद खुशी है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म को बिना एक भी कट लगाए 'A' सर्टिफिकेट दिया है। इंसानियत और प्यार की कहानी कहने वाली इस फिल्म को इस पार्टिशन डे, यानी 14 अगस्त से सिनेमाघरों में जरूर देखें।